

उत्तरकाशी। केदारताल ट्रैक पर पांच दिन से फंसे आठ ट्रैकर्स की तलाश में जुटी रेस्क्यू टीम को दो लोगों के शव मिले हैं। इनमें एक महिला और एक पुरुष शामिल हैं। अन्य छह ट्रैकर्स की तलाश के लिए नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) और एसडीआरएफ की हाई एल्टीट्यूड रेस्क्यू टीम का अभियान जारी है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने दो शव मिलने की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार, पांच दिन पूर्व केदारताल ट्रैक पर कच्ची ढांग के समीप आठ ट्रैकर्स के फंसे होने की सूचना मिली थी। मौसम खुलने के बाद मंगलवार को एसडीआरएफ और निम की टीम ने समुद्र तल से करीब चार हजार मीटर की ऊंचाई पर रेस्क्यू अभियान चलाया। इस दौरान टीम को एक महिला और एक पुरुष का शव मिला। दोनों शव फंसे हुए ट्रैकर्स के बताए जा रहे हैं। बुधवार को हेलिकॉप्टर के माध्यम से शवों को हर्षिल हेलीपैड लाया जाएगा।
दो शव मिलने के बाद शेष छह ट्रैकर्स के सुरक्षित होने की उम्मीदों को लेकर चिंता बढ़ गई है। निम और एसडीआरएफ की टीमें बुधवार को भी उनकी तलाश में अभियान जारी रखेंगी।
एसडीआरएफ के सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने बताया कि बुधवार को रेस्क्यू अभियान में जुटी टीम की सहायता के लिए एक अतिरिक्त टीम रसद और अन्य जीवन रक्षक सामग्री के साथ केदारखड़क भेजी जाएगी।



