

उत्तरकाशी(आरएनएस)। जिला सहकारी बैंक की अध्यक्ष शारदा राणा ने ऋण वसूली में लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताते हुए 10 प्रतिशत से कम वसूली वाली शाखाओं के कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं। वहीं, 25 प्रतिशत से कम लक्ष्य हासिल करने वाले अधिकारियों को चेतावनी जारी करने को कहा है।सोमवार को विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में अध्यक्ष ने बैंक शाखा प्रबंधकों और बहुउद्देशीय सहकारी समितियों के सचिवों के साथ बैंक की कार्यप्रणाली, ऋण वितरण और वसूली की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत जनपद के किसानों और युवाओं को अब तक 40 करोड़ रुपये का ब्याजमुक्त ऋण वितरित किया गया है। उन्होंने आगामी दो माह में योजना के तहत आवंटित शेष ऋण वितरण लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों, युवाओं, महिलाओं और उद्यमियों को योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए आगामी माह से प्रत्येक विकासखंड में ऋण मेले आयोजित करने की बात कही। इस मौके पर बैंक के उपाध्यक्ष हरिमोहन सिंह, जिला सहायक निबंधक भारत सिंह, सचिव एवं महाप्रबंधक मुकेश माहेश्वरी, नाबार्ड के डीडीएम पारित गुप्ता सहित आदि मौजूद रहे।



