
बागेश्वर(आरएनएस)। कमस्यारघाटी की बदहाल सड़कों का मुद्दा अब केंद्रीय स्तर तक पहुंच गया है। क्षेत्र पंचायत सदस्य कुशल धानिक ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा से मुलाकात कर क्षेत्र की पांच प्रमुख सड़कों की समस्याएं उठाईं। उन्होंने ग्रामीणों की परेशानी से अवगत कराते हुए सड़कों के सुधारीकरण, निर्माण और डामरीकरण की कार्रवाई जल्द कराने की मांग की। धानिक ने मंत्री के समक्ष देवीनगर धामपुर-तुसरेड़ा-ठांगा, बेरीनाग-पौसा-पोस्ताला-कमस्यारघाटी, भैसूड़ी-कपूरी, कुचौली-झुटौली और कमेड़ी-देवतोली सड़कों का मुद्दा रखा। उन्होंने बताया कि इनमें दो सड़कें पीएमजीएसवाई और तीन लोक निर्माण विभाग के अधीन हैं। लंबे समय से सड़क सुविधा बदहाल होने के कारण क्षेत्रवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कमस्यारघाटी के पौसा, पोस्ताला और बेरीनाग क्षेत्र के ग्रामीणों ने हाल ही में सड़कों के सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग को लेकर करीब आठ किमी लंबी मानव श्रृंखला बनाकर विरोध जताया था। ग्रामीणों ने सड़कों को क्षेत्र की लाइफलाइन बताते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की थी।
मंत्री का आश्वासन: क्षेत्र पंचायत सदस्य के अनुसार केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा ने पांचों सड़कों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और जल्द समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सड़क संबंधी समस्याओं को संबंधित स्तर पर उठाकर कार्रवाई का प्रयास किया जाएगा। अब ग्रामीणों की नजर विभागीय कार्रवाई पर है।

