
अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी-खेल महाकुंभ-2026 के राज्य स्तरीय आयोजन में प्रतिभाग करने वाले अल्मोड़ा जिले के पंजीकृत खिलाड़ियों के जनपद स्तरीय चयन ट्रायल की तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं। प्रभारी जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी डीएन काण्डपाल के अनुसार चयन ट्रायल हेमवती नंदन बहुगुणा स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार हॉकी और हैंडबॉल के चयन ट्रायल 20 सितंबर, बास्केटबॉल और बॉक्सिंग के 26 सितंबर, बेसबॉल के 30 सितंबर, नेटबॉल के 10 अक्टूबर तथा ताइक्वांडो के चयन ट्रायल 19 अक्टूबर को होंगे। इन खेलों के लिए अंडर-14, अंडर-19 और महिला ओपन आयु वर्ग निर्धारित किए गए हैं। अंडर-14 वर्ग के लिए 1 अप्रैल 2012 से 31 मार्च 2016 के बीच जन्मे खिलाड़ी, अंडर-19 वर्ग के लिए 1 अप्रैल 2007 से 31 मार्च 2011 के बीच जन्मे खिलाड़ी तथा महिला ओपन वर्ग के लिए 1 अप्रैल 2006 से 31 मार्च 2001 के बीच जन्मी महिलाएं पात्र होंगी। प्रभारी जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी ने जिले के सभी संबंधित पंजीकृत खिलाड़ियों से निर्धारित तिथि और स्थान पर चयन ट्रायल में प्रतिभाग करने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चयन ट्रायल में प्रतिभाग करने के लिए किसी भी प्रकार का मार्ग व्यय अथवा भोजन व्यय देय नहीं होगा।

