
उत्तरकाशी(आरएनएस)। उत्तराखंड क्रांति दल की ओर से जिला अस्पताल में लचर और बदहाल व्यवस्थाओं के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। यूकेडी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का कहना है कि अस्पताल में मरीजों और छोटी-छोटी जांच की सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हो पा रही है। दूसरी ओर अभी तक विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती नहीं हो पाई है। कहा कि अगर जल्द ही व्यवस्थाओं को नहीं सुधारा गया तो आगे स्थानीय लोगों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
यूकेडी की केंद्रीय महामंत्री किरन रावत ने कहा कि जिला अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ, त्वचा रोग विशेषज्ञ, सर्जन की लंबे समय से तैनाती नहीं हो पाई है। इस कारण दूरस्थ क्षेत्र से आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। साथ ही उपचार न मिलने पर ऋषिकेश और देहरादून के लिए रेफर कर दिया जाता है।उन्होंने कहा कि हर मरीज के लिए दवाईयां और जांच की सुविधा अस्पताल में होनी चाहिए लेकिन जनपद के एक मात्र बड़े अस्पताल में लोगों को यह सुविधाएं नहीं मिल पाती हैं। उनसे बाहर के निजि लैबों की दवाईयां व जांच के लिए बाध्य किया जाता है। कहा कि जनपद के दूरस्थ के गांव से आए हुए लोग आर्थिक तौर पर मजबूत नहीं है। इस मौके पर जगत सिंह रमोला, पंकज, सुरजीत राणा ,सुमित नेगी, मोहित मथुरा, उमाशंकर भट्ट, अनुराग, सुमित नेगी, जयवीर नेगी, सोनू नेग , अनिल थपलियाल आदि मौजूद रहे।

