
रुद्रपुर(आरएनएस)। बगवाड़ा मैदान में बुधवार शाम एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रम्पुरा निवासी 35 वर्षीय विजय पुत्र ताराचंद के रूप में हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए उसके साथ मौजूद तीन लोगों पर संदेह जताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों के अनुसार, विजय मूलरूप से बरेली के इज्जतनगर स्थित सैनिक कॉलोनी, गली नंबर सात का रहने वाला था। वह करीब दस वर्षों से रुद्रपुर के रम्पुरा क्षेत्र में रह रहा था और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था।बुधवार सुबह वह काम के लिए घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। इसी दौरान परिजनों को बगवाड़ा मैदान में विजय का शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर उन्होंने शव की पहचान की। परिजनों का कहना है कि विजय के साथ तीन अन्य लोग भी थे। उन्होंने उन पर हत्या का संदेह जताते हुए मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल प्रकाश दानू ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
