
उत्तरकाशी (आरएनएस)। नगर क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और अनियमित आपूर्ति के विरोध में शुक्रवार को व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। व्यापार मंडल के आह्वान पर व्यापारियों ने प्रतिष्ठान बंद रखकर मुख्य तिराहे पर धरना-प्रदर्शन किया और करीब एक घंटे तक चक्का जाम कर ऊर्जा निगम के खिलाफ नारेबाजी की। चक्का जाम के चलते बाजार क्षेत्र में करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
व्यापारियों ने कहा कि लंबे समय से बिजली की आंख-मिचौली के कारण छोटे उद्योग, होटल व्यवसाय और दुकानदारों का कामकाज प्रभावित हो रहा है। बिजली आपूर्ति बाधित रहने से विद्यार्थियों की पढ़ाई और आम जनजीवन पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। व्यापारियों का कहना था कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
चक्का जाम की सूचना पर एसडीएम मुकेश रमोला और ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता संजय कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने व्यापार मंडल अध्यक्ष अंकित पंवार और अन्य पदाधिकारियों के साथ वार्ता की। इस दौरान ऊर्जा निगम की ओर से नियमित विद्युत आपूर्ति सुचारु बनाए रखने का लिखित आश्वासन दिया गया। आश्वासन के बाद व्यापारियों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया और बाजार भी खोल दिया।
अधिशासी अभियंता संजय कुमार ने बताया कि लाइन स्थानांतरण का कार्य पूरा होने तक शुक्रवार और रविवार को सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक बिजली कटौती की जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति सुचारु रखने के लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है।
व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में व्यापार मंडल अध्यक्ष अंकित पंवार, राकेश पंवार, जगमोहन नौडियाल, उपेंद्र असवाल, चंद्रमोहन कपूर, अनुज चड्ढा, बलबीर असवाल, सतीश चौधरी, तर्पण भंडारी, उपेंद्र राणा और दर्पण सिंह चौहान सहित दर्जनों व्यापारी मौजूद रहे।

