
विकासनगर(आरएनएस)। जौनसार-बावर में बारिश थमने के बावजूद जनजीवन पटरी पर नहीं लौट पा रहा है। पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण बुधवार को भी कालसी-चकराता क्षेत्र के पांच प्रमुख मोटर मार्गों पर यातायात ठप रहा। सड़कों पर मलबा और बड़े-बड़े बोल्डर आने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई लोग मार्ग बंद होने के कारण बीच रास्ते से ही वापस लौटने को मजबूर हुए। भूस्खलन के कारण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना कालसी के अंतर्गत सिली खड्ड-कुनैन-सैंज, गास्कीगाड गडोग-सक्रोल, परियाड-सिमोग और नागथात-बिसोई मोटर मार्ग बंद रहे। वहीं लोनिवि चकराता के अंतर्गत सवाई मोटर मार्ग पर भी यातायात बाधित रहा।पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार मार्ग अवरुद्ध होने का सीधा असर ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी के साथ स्कूली बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है। सड़कें बंद होने से कई छात्र-छात्राएं समय पर विद्यालय नहीं पहुंच पा रहे हैं। अभिभावकों का कहना है कि बारिश और भूस्खलन के बीच बच्चों को स्कूल भेजना चुनौती बन गया है। मार्ग बंद रहने से ग्रामीणों को जरूरी सामान और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भी आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के बाद पहाड़ियों से लगातार मलबा और पत्थर गिरने के कारण मार्ग खोलने में भी विभागीय कर्मचारियों को परेशानी हो रही है। एक जगह मलबा हटाने के बाद दूसरी जगह भूस्खलन होने से सड़कें फिर बंद हो जा रही हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना कालसी के अधिशासी अभियंता रोहित श्रीवास्तव ने बताया कि पहाड़ियों से बार-बार मलबा गिरने के कारण मार्ग बाधित हो रहे हैं। सभी प्रभावित मार्गों को जल्द सुचारू करने के लिए मौके पर जेसीबी मशीनें भेजी गई हैं। मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है और मार्गों को जल्द यातायात के लिए खोलने का प्रयास किया जा रहा है।

