
अल्मोड़ा। भतरौजखान रोड पर चार चीड़ के पेड़ गिरने से बुधवार को यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन रानीखेत की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए मार्ग से पेड़ों को हटाकर यातायात बहाल कराया। फायर विभाग के अनुसार सड़क पर एक साथ चार चीड़ के पेड़ गिरने से मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया था, जिससे दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रुक गई। सूचना मिलते ही फायर रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर टीम ने वुडन कटर की मदद से गिरे हुए पेड़ों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटा। इसके बाद जेसीबी की सहायता से पेड़ों को सड़क किनारे हटाया गया। काफी मशक्कत के बाद सड़क को पूरी तरह साफ कर यातायात को सुरक्षित एवं सुचारू रूप से संचालित कराया गया। फायर विभाग की त्वरित कार्रवाई से मार्ग पर फंसे लोगों और वाहनों को शीघ्र राहत मिल सकी।

