
काशीपुर(आरएनएस)। ब्लॉक क्षेत्र में वाटर कूलर लगाने के एवज में रिश्वत मांगने के मामले में विजिलेंस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्लॉक के जूनियर इंजीनियर (जेई) विवेक कुमार को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। वहीं ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक सागर पर भी 12 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है। उसके खिलाफ भी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जानकारी के अनुसार, ब्लॉक क्षेत्र के एक पंजीकृत ठेकेदार ने सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराई थी कि वाटर कूलर लगाने के कार्य के बदले जेई विवेक कुमार 20 हजार और ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक सागर 12 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने पर विजिलेंस ने ट्रैप की योजना बनाई। सोमवार को सेक्टर हल्द्वानी के पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विजिलेंस टीम ने ग्राम कुंडा में कार्रवाई करते हुए जेई विवेक कुमार को शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पूछताछ के लिए अपने साथ ले जाया गया, जबकि ग्राम पंचायत विकास अधिकारी मौके पर नहीं मिला। सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने बताया कि पूरे मामले की विवेचना भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत की जाएगी। उन्होंने सफल ट्रैप कार्रवाई के लिए विजिलेंस टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा भी की। टीम में इंस्पेक्टर विनोद यादव और प्रभात कुमार सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।
