

चम्पावत(आरएनएस)। स्वामी विवेकानंद पीजी कॉलेज लोहाघाट की छात्राओं अक्षरा विश्वकर्मा, प्रकृति राणा और अर्पिता राय ने देवभूमि उद्यमिता योजना के प्रोजेक्ट ऑफिसर जयेंद्र विक्रम के साथ डीएम मनीष कुमार से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान छात्राओं ने ऐपण कला से तैयार सजावटी सामान डीएम को दिखाया। डीएम ने छात्राओं की रचनात्मकता और उनके प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें अपनी कला को और निखारने तथा उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। डीएम ने कहा कि ऐपण जैसी पारंपरिक लोककलाओं से जुड़े उत्पाद तैयार करना सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ स्वरोजगार की संभावनाओं को भी बढ़ाता है। युवाओं की ऐसी पहल स्थानीय कला को नई पहचान दिलाने में सहायक हो सकती है। देवभूमि उद्यमिता योजना के प्रोजेक्ट ऑफिसर जयेंद्र विक्रम ने बताया कि जनपद के सात डिग्री कॉलेजों के लगभग 40 प्रतिशत विद्यार्थियों को उद्यमिता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। बताया कि आगामी चरण में 150 विद्यार्थियों को बूट कैंप में प्रतिभाग कराने की योजना है। साथ ही आईआईएम काशीपुर में छह दिवसीय प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को उद्यमिता की व्यावहारिक समझ विकसित करने में सहायता मिलेगी।




