

अल्मोड़ा। नशा तस्करी और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सल्ट पुलिस ने रविवार को थाना क्षेत्र के ग्राम प्रहरियों के साथ बैठक की। थानाध्यक्ष कश्मीर सिंह के नेतृत्व में आयोजित बैठक में ग्राम प्रहरियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क निगरानी रखने और नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए गए। बैठक में संदिग्ध व्यक्तियों, बाहरी लोगों की गतिविधियों, नशा तस्करी और अवैध मादक पदार्थों की बिक्री पर विशेष नजर रखने को कहा गया। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल थाना पुलिस को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इस दौरान ग्राम प्रहरियों को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, घरेलू हिंसा और नशे के दुष्परिणामों के बारे में भी जानकारी दी गई। उन्हें ग्रामीणों को इन विषयों के प्रति जागरूक करने तथा नशे के अवैध कारोबार से संबंधित सूचनाएं मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 पर देने के लिए प्रेरित किया गया। सल्ट पुलिस ने ग्राम प्रहरियों से पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था कायम रखने में सक्रिय सहयोग की अपील की।





