
हरिद्वार(आरएनएस)। हरकी पैड़ी मुख्य मार्ग पर नगर कोतवाली के पास सड़क धंसने के मामले में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जांच के निर्देश दिए हैं। सड़क धंसने के कारणों की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर सड़क निर्माण और हाल में कराई गई मरम्मत की गुणवत्ता की जांच की जाएगी। लापरवाही सामने आने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी।
बस दुर्घटना का विवरण: बुधवार को स्कूल के बच्चों को लेकर जा रही एक बस से हरकी पैड़ी मुख्य मार्ग का एक हिस्सा अचानक धंस गया था। इससे सड़क पर गहरा गड्ढा हो गया और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। गनीमत रही कि बस चालक ने वक्त रहते ब्रेक लगा दिए और सड़क धंसने के दौरान कोई हादसा नहीं हुआ। सोशल मीडिया पर भी सड़क धंसने और गड्ढे में बस फंसने का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। सड़क धंसने की घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। जिसके बाद डीएम मयूर दीक्षित ने अधिकारियों से मामले की रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने जांच कमेटी को सड़क धंसने के कारणों की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। डीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर 15 सितंबर से जिले की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का अभियान चलाया जाएगा। पीडब्ल्यूडी, सभी नगर निकाय, सिंचाई विभाग और एनएच समेत सभी विभागों को सर्वे करके कार्य प्रारंभ करने के सड़कों को गड्ढामुक्त करने निर्देश भी दे दिए गए हैं। इसके साथ ही जहां भी सड़क धंसने के हादसे हुए हैं, उनकी जांच रिपोर्ट मांगी गई है।

