
हरिद्वार(आरएनएस)। धर्मनगरी हरिद्वार के विष्णुघाट से पांच माह की एक मासूम बच्ची चोरी हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने बच्ची की तलाश शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा के मुताबिक संभल जिले के ग्राम खानपुर सराय, थाना गढ़ी निवासी पुष्पेंद्र परिवार के साथ हरिद्वार घूमने आया था। गुरुवार रात वह अपनी पत्नी, अन्य परिजनों और पांच माह की बेटी गौरी के साथ विष्णुघाट पर रुका हुआ था। रात में गौरी अपने माता-पिता के बीच सो रही थी। सुबह करीब साढ़े पांच बजे जब परिजनों की आंख खुली तो गौरी वहां नहीं थी। इसके बाद परिवार ने घाट और आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं लग सका। परिजनों का आरोप है कि कोई अज्ञात व्यक्ति उनकी बेटी को उठाकर ले गया है। पुलिस ने शुक्रवार को मुकदमा दर्ज कर लिया है। घाट क्षेत्र और आसपास के इलाकों में बच्ची की तलाश की जा रही है। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच की जा रही है।

