
अल्मोड़ा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में शनिवार, 31 मई को राजकीय इंटर कॉलेज मेरगांव में वृहद बहुउद्देशीय विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का आयोजन प्रातः 10 बजे से किया जाएगा, जिसमें विभिन्न विभागों की ओर से जनकल्याणकारी सेवाएं और योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनामिका सिंह ने बताया कि राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देशों तथा जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष के मार्गदर्शन में शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर में समाज कल्याण, बाल विकास, स्वास्थ्य, राजस्व, विद्युत, पेयजल, शिक्षा, लोक निर्माण, कृषि, उद्यान, पशुपालन, पूर्ति, उद्योग, पर्यटन, श्रम, पंचायत, ग्राम्य विकास और युवा कल्याण विभागों की ओर से स्टॉल लगाए जाएंगे। पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई भी की जाएगी। शिविर में आय, जाति और स्थायी निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड संबंधी समस्याओं के निस्तारण, स्वास्थ्य परीक्षण, दिव्यांग प्रमाण पत्र, पेंशन योजनाओं, कृषि एवं उद्यान संबंधी जानकारी, रोजगार एवं स्वरोजगार योजनाओं के प्रचार-प्रसार तथा श्रमिक पंजीकरण सहित विभिन्न जनसेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा बाबा हैड़ाखान चैरिटेबल एंड रिसर्च हॉस्पिटल, चिलियानौला (रानीखेत) की ओर से जरूरतमंद लोगों की आंखों की जांच की जाएगी। जिला अस्पताल के चिकित्सकों द्वारा भी स्वास्थ्य परीक्षण और चिकित्सीय परामर्श प्रदान किया जाएगा।

