
हरिद्वार(आरएनएस)। नए शैक्षणिक सत्र में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय ने ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल शुरू किया है। इस पोर्टल के माध्यम से प्रवेश प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और छात्र हितैषी बनाई गई है। अभ्यर्थियों को अब एक ही प्लेटफॉर्म पर प्रवेश से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारियां और रियल टाइम अपडेट उपलब्ध होंगे, जिससे आवेदन प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सुगम हो सकेगी। विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. सत्यदेव निगमालंकार ने बताया कि पोर्टल पर स्नातक (यूजी), स्नातकोत्तर (पीजी) और शोध उपाधि (पीएचडी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश से संबंधित सभी महत्वपूर्ण सूचनाएं उपलब्ध कराई गई हैं। अभ्यर्थी यहां विभिन्न पाठ्यक्रमों की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, काउंसलिंग, महत्वपूर्ण तिथियों और प्रवेश संबंधी दिशा-निर्देशों की जानकारी एक ही स्थान पर प्राप्त कर सकेंगे। इंटरैक्टिव स्वरूप में विकसित इस पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थियों को समय-समय पर रियल टाइम अपडेट भी मिलेंगे। उप कुलसचिव डॉ. श्वेतांक आर्य ने बताया कि डिजिटल तकनीक का अधिकतम उपयोग करते हुए विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखकर इस पोर्टल को विकसित किया गया है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर के विद्यार्थियों के लिए गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया को अधिक सुलभ, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाना है। इससे अभ्यर्थियों को प्रवेश संबंधी जानकारी के लिए बार-बार विश्वविद्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और पूरी प्रक्रिया अधिक प्रभावी ढंग से संचालित हो सकेगी।
