

रुड़की(आरएनएस)। ग्राम पंचायत धनौरी में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) की विभागीय जांच को प्रभावित करने, पीछा करने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए महिला ग्राम पंचायत विकास अधिकारी ने कोतवाली पिरान कलियर में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कुछ लोगों पर मानसिक उत्पीड़न करने और अपनी सुरक्षा को लेकर खतरा होने की आशंका जताई है। कलियर कोतवाली पुलिस को दी गई शिकायत में ग्राम पंचायत विकास अधिकारी काजल ने बताया कि वह सहायक समाज कल्याण अधिकारी संध्या शर्मा के साथ 24 अगस्त को ग्राम पंचायत धनौरी में विभागीय जांच के लिए गई थीं। आरोप है कि इस दौरान अर्जुन सिंह ने उनका पीछा किया और बिना अनुमति तस्वीरें लीं।काजल के अनुसार, ग्राम पंचायत में राजकीय कार्यों के लिए जाने पर भी अर्जुन सिंह बार-बार व्यवधान उत्पन्न करते हैं और डराने वाले शब्दों का इस्तेमाल करते हैं।शिकायत के मुताबिक, 28 सितंबर को जैनिश सैनी, दीपक सैनी और दो अन्य व्यक्ति खंड विकास अधिकारी कार्यालय स्थित संध्या शर्मा के कक्ष में पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने जांच अपनी मर्जी के अनुसार कराने का दबाव बनाया। साथ ही मोबाइल फोन में तस्वीरें दिखाकर मनमाफिक जांच रिपोर्ट तैयार नहीं होने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। काजल ने अर्जुन सिंह, जैनिश सैनी, दीपक सैनी और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस से शिकायत दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने अर्जुन सिंह, जैनिश सैनी, दीपक सैनी और दो अन्य व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।



