

हरिद्वार(आरएनएस)। कुंभ मेले की तैयारियों के बीच जिला प्रशासन ने सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने की कवायद तेज कर दी है। मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में चंडी चौक और आसपास के क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। एनएचएआई और पुलिस की संयुक्त टीम ने सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की। प्रशासन ने चेतावनी दी कि सड़क और राष्ट्रीय राजमार्ग पर फड़, ठेली या अन्य सामान रखकर अतिक्रमण करने वालों का सामान जब्त किया जाएगा। करीब 120 से अधिक अवैध कब्जों को हटाया गया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर चलाए गए अभियान का उद्देश्य सड़क किनारे अवैध कब्जे हटाकर यातायात सुचारु करना और कुंभ मेले के दौरान आवागमन की व्यवस्था को बेहतर बनाना है।
अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई। सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी ने दुकानदारों और फड़-ठेली संचालकों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क या राष्ट्रीय राजमार्ग पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और अतिक्रमण में इस्तेमाल होने वाला सामान जब्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। कुंभ मेले के मद्देनजर सड़कों को व्यवस्थित रखने और लोगों की आवाजाही सुचारु बनाने के लिए संबंधित विभागों को लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।



