
देहरादून। डोईवाला की कांसरो वन रेंज के झबरावाला गांव में शुक्रवार देर रात हाथी के हमले में 55 वर्षीय किसान जमील की मौत हो गई। वह साथी नफीस के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे, तभी खेतों के पास हाथी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। गंभीर हालत में जौलीग्रांट स्थित हिमालयन अस्पताल ले जाए जाने के बाद उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
खेतों के पास अचानक सामने आया हाथी
घटना रात करीब 9:30 बजे हाथीकुंड क्षेत्र के पास हुई। बताया गया कि जमील और नफीस स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक सामने हाथी आ गया। दोनों बचने के लिए भागने लगे, लेकिन हाथी ने जमील को पकड़ लिया और जमीन पर पटक दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
नफीस के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल जमील को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान जमील पुत्र असगर अली के रूप में हुई है।
वन विभाग ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
घटना की सूचना मिलने पर कांसरो वन रेंज के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना से संबंधित जानकारी जुटाई। परिजनों की ओर से शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
हाथियों की बढ़ती आवाजाही से ग्रामीण चिंतित
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। आरोप है कि हाथी सुरक्षा दीवार को कूदकर या तोड़कर खेतों और आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच रहे हैं। इससे ग्रामीणों के सामने जान-माल के नुकसान का खतरा बना हुआ है।
ग्राम प्रधान परमिंदर सिंह ने बताया कि जमील खेती-किसानी के साथ मजदूरी भी करते थे और परिवार का पालन-पोषण करते थे। उन्होंने वन विभाग से मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने और आबादी क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। ग्रामीणों ने भी समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।


