
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड ने अपने विस्तार अभियान को आगे बढ़ाते हुए टिहरी गढ़वाल के चंबा में 69वीं शाखा का शुभारंभ किया। मसूरी रोड स्थित नई शाखा का उद्घाटन ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) पारितोष पंत ने किया। बैंक प्रबंधन ने बताया कि आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं से लैस इस शाखा के संचालन से क्षेत्र के ग्राहकों को बेहतर और तेज सेवाएं मिल सकेंगी।
उद्घाटन समारोह में बैंक की अध्यक्ष डॉ. वसुधा पंत और प्रबंध निदेशक एवं सीईओ पी.सी. तिवारी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। बैंक अधिकारियों ने बताया कि नई शाखा को कोर बैंकिंग सिस्टम (CBS), आईएमपीएस, आरटीजीएस और एनईएफटी जैसी डिजिटल बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ा गया है।
प्रबंध निदेशक पी.सी. तिवारी ने बताया कि वर्ष 1991 में मात्र 2.56 लाख रुपये की पूंजी और पांच कर्मचारियों के साथ शुरू हुए बैंक के अब करीब पांच लाख खाताधारक हैं। बैंक का कुल कारोबार 6,500 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच चुका है और अंशधारकों को 10 प्रतिशत लाभांश दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में कनखल हरिद्वार, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग, मियांवाला और गोल मार्केट (देहरादून) में भी नई शाखाएं खोली जाएंगी। वहीं अगले वित्तीय वर्ष में 10 और शाखाएं शुरू करने की योजना है। बैंक में वर्तमान में 800 से अधिक युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिल रहा है और भविष्य में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
पी.सी. तिवारी ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक से मोबाइल बैंकिंग की अनुमति मिलने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। बैंक अगले 15 दिनों के भीतर ग्राहकों को नेट बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रहा है, जिससे डिजिटल लेन-देन और अधिक आसान हो सकेगा।
नई शाखा के उद्घाटन के पहले ही दिन 100 से अधिक नए खाते खोले गए और एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि जमा हुई। समारोह में महाप्रबंधक बी.एस. मेहता, उपमहाप्रबंधक जी.एस. स्यूनरी, शाखा प्रबंधक शेखर सिंह, रुकम सिंह सजवान, डॉ. पी.एस. सजवाण सहित बैंक के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

