
अल्मोड़ा। उत्तराखण्ड हथकरघा एवं हस्तशिल्प विकास परिषद के उपाध्यक्ष (दर्जा राज्य मंत्री) गोविंद सिंह पिलख्वाल ने रविवार को अल्मोड़ा के ऐतिहासिक टम्टा मोहल्ला का भ्रमण कर ताम्र शिल्पकारों एवं स्थानीय नागरिकों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने शिल्पकारों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास का आश्वासन दिया। बैठक में ताम्र शिल्पकारों के कार्ड नवीनीकरण, सरकारी योजनाओं का लाभ, कच्चे माल की उपलब्धता, विपणन सुविधाओं तथा किफायती दरों पर आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। शिल्पकारों ने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे, जिन पर गोविंद सिंह पिलख्वाल ने संबंधित विभागों तक उनकी बात पहुंचाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की ताम्र शिल्प कला प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर है और इसके संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। शिल्पकारों के हितों की रक्षा तथा उन्हें बेहतर आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। बैठक में पार्षद अमित साह, कृष्ण बहादुर सिंह, नीरज सांगा, सुंदर कुमार टम्टा, नरेंद्र कुमार, विक्की सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं ताम्र शिल्पकार उपस्थित रहे।


