
अल्मोड़ा। उत्तराखंड हथकरघा एवं हस्तशिल्प विकास परिषद के उपाध्यक्ष राज्यमंत्री स्तर गोविंद पिलख्वाल ने धौलछीना के ग्राम दियारी के तोक सगवाड़ा में हाल में आई आपदा से प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याएं सुनीं। पीड़ित परिवारों ने राज्यमंत्री को अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए समाधान की मांग की। इस पर पिलख्वाल ने मौके से ही संबंधित विभागीय अधिकारियों से वार्ता कर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने पेयजल, विद्युत, राजस्व विभाग तथा विकासखंड भैंसियाछाना के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर प्रभावित परिवारों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने को कहा, ताकि उन्हें योजनाओं का लाभ मिल सके। गोविंद पिलख्वाल ने कहा कि सरकार जनहित और विकास को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार आपदा प्रभावितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना और पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार आपदा प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उनकी हरसंभव मदद करना सरकार का दायित्व है।

