
काशीपुर। नगर पंचायत सुल्तानपुर पट्टी में रविवार देर रात दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने घर में घुसकर भाजपा के पूर्व नेता पर हमला कर दिया। आसपास के लोगों के पहुंचने पर हमलावर धमकी देकर फरार हो गये। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो सगे भाइयों समेत अन्य लोगों पर केस दर्ज किया है।
सुल्तानपुर पट्टी निवासी राजेश दिवाकर भाजपा नेता थे। चुनाव से ठीक पहले उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी को अपना समर्थन देकर इसकी पोस्ट सोशल मीडिया पर डाली थी। आरोप है इससे नाराज पट्टी निवासी साजिद, माजिद पुत्रगण हामिद हुसैन देर रात राजेश के घर जा पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेस को सपोर्ट करने पर राजेश के साथ मारपीट की। हंगामा और चीख पुकार की आवाज सुनकर आस पास के लोग भी जमा हो गये। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। राजेश की तहरीर पर पुलिस ने साजिद, माजिद समेत चार के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इधर, ग्राम रामजीवनपुर में भी चुनाव को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। मारपीट में एक युवक घायल हो गया। रामजीवनपुर निवासी विशाल ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह कांग्रेस प्रत्याशी यशपाल आर्य का समर्थक है। ऐसे में वह उनको चुनाव लड़ा रहा है इससे गांव निवासी ललित उससे रंजिश रखता है। बीती रात भी उसने अपने साथियों के साथ मिलकर उसको घेर लिया और यशपाल आर्य को चुनाव लड़ाने पर उसके साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने ललित व उसके तीन अन्य साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

