
अल्मोड़ा। 2 अक्टूबर को गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती के आयोजन को लेकर जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में बैठक हुई। बैठक में शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यक्रमों के आयोजन और संबंधित विभागों की तैयारियों की समीक्षा की गई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले के सभी राजकीय भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। कार्यालयों, विद्यालयों और अन्य संस्थानों में सुबह 8 बजे महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों का अनावरण एवं माल्यार्पण किया जाएगा। इस दौरान दोनों महापुरुषों के जीवन-संघर्ष, देश सेवा और आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता तथा समाज के कमजोर वर्गों के कल्याण का संदेश दिया जाएगा। विद्यालयों और महाविद्यालयों में गांधीवादी जीवन-दृष्टि तथा दोनों महापुरुषों के जीवन से जुड़े विषयों पर वाद-विवाद प्रतियोगिताएं और गोष्ठियां आयोजित करने पर भी चर्चा हुई। विद्यार्थियों को सादा जीवन, उच्च विचार, नैतिकता, भाईचारे और सर्वधर्म समभाव जैसे मूल्यों के प्रति प्रेरित किया जाएगा। बैठक में साक्षरता को बढ़ावा देने, बालिका शिक्षा और महिला सशक्तीकरण के साथ सामाजिक भेदभाव तथा दहेज प्रथा जैसी कुरीतियों के उन्मूलन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। सार्वजनिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं की सहभागिता से सामाजिक समरसता, सद्भाव और सहयोग को बढ़ावा देने तथा लघु, कुटीर एवं खादी ग्रामोद्योग के महत्व से लोगों को अवगत कराने पर भी जोर दिया गया। बैठक में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
