
अल्मोड़ा। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने जिला कोषागार का निरीक्षण कर द्वितालक कक्ष, स्टाम्प, अभिलेखों के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कोषागार की कार्यप्रणाली और अभिलेखों के रखरखाव के संबंध में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने द्वितालक व्यवस्था के तहत चाबियों की अभिरक्षा, स्टाम्प की उपलब्धता, प्राप्ति एवं वितरण तथा संबंधित स्टॉक पंजिकाओं के संधारण की जानकारी ली। इसके साथ ही नकदी और सुरक्षित अभिरक्षा में रखी गई बहुमूल्य वस्तुओं के विवरण, संबंधित अभिलेखों तथा उनके भौतिक सत्यापन की व्यवस्था के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने कोषागार की सुरक्षा व्यवस्था के तहत द्वितालक कक्ष में प्रवेश व्यवस्था, तालों की स्थिति, सीसीटीवी निगरानी, अग्निशमन उपकरणों और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के संबंध में भी जानकारी ली। इस अवसर पर मुख्य कोषाधिकारी वीरेंद्र रावत, कोषाधिकारी सतीश चंद्र सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
