
देहरादून। उत्तराखंड में अगले चार दिनों तक तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने सभी जिलों को अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने जिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और राहत-बचाव की सभी तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भी भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और तेज बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट रहेगा।
शनिवार को प्रदेशभर में येलो अलर्ट रहेगा। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, नैनीताल, चम्पावत और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है। रविवार को चम्पावत, बागेश्वर और नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट रहेगा, जबकि सोमवार को देहरादून और टिहरी में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
सचिव विनोद कुमार सुमन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदी-नालों और जलधाराओं से दूर रहने तथा आकाशीय बिजली के समय खुले स्थानों में नहीं रुकने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

