
हल्द्वानी। कार चोरी की गलत सूचना देकर पुलिस को गुमराह करना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। काठगोदाम पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्ति का 10 हजार रुपये का चालान काटा है।
पुलिस के अनुसार गौलापार निवासी त्रिवेणी चंद्र पाठक ने डायल 112 पर सूचना दी थी कि उनकी कार मधुबन बैंक्वेट हॉल के पास से चोरी हो गई है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस की सिटी पेट्रोल और चीता मोबाइल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच के दौरान कार बैंक्वेट हॉल के पास ही एक सुनसान स्थान पर खड़ी मिली। इसके बाद पुलिस ने कॉलर से पूछताछ की, जिसमें उसने स्वीकार किया कि वह खुद वाहन खड़ा कर स्थान भूल गया था और बिना ठीक से खोजबीन किए चोरी की सूचना दे दी।
पुलिस ने झूठी सूचना देने पर उसके खिलाफ 10 हजार रुपये का चालान किया और माफीनामा भी लिखवाया।

