
रुद्रपुर(आरएनएस)। रुद्रपुर की सिडकुल सेक्टर-11 स्थित एक ऑटो कंपनी में शनिवार शाम ड्यूटी के दौरान हुए हादसे में एक कर्मचारी की मौत हो गई। सिर पर भारी सामान गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिला अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, मूल कटरा जिला शाहजहांपुर यूपी हाल ट्रांजिट कैंप रुद्रपुर निवासी 35 वर्षीय सुशील कुमार पुत्र हरीश कुमार सिडकुल की एक ऑटो कंपनी में कार्यरत थे। शनिवार शाम काम के दौरान अचानक उनके सिर पर भारी सामान गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े।हादसे के बाद सहकर्मियों और कंपनी अधिकारियों ने उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय रुद्रपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सिडकुल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी है। पुलिस ने कंपनी परिसर पहुंचकर हादसे से संबंधित आवश्यक जानकारी जुटाई। सीओ डीआर वर्मा ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और कंपनी में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।
