
अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर घोड़के के निर्देशन में जनपदभर में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लमगड़ा और दन्या थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से कुल छह पेटी अवैध शराब बरामद हुई है। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज कर एक वाहन सीज करते हुए वैधानिक कार्रवाई की है। थाना लमगड़ा पुलिस ने थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक के नेतृत्व में मोरनौला स्थित जैंती-खांकर तिराहे पर चेकिंग के दौरान अल्टो कार (यूके08एएक्स-7313) से चार पेटी (192 पव्वे) अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। पुलिस ने चालक दिनेश सिंह निवासी ग्राम बक्सवर, लमगड़ा को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मुकदमा दर्ज किया। तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी सीज कर दिया गया। कार्रवाई में उपनिरीक्षक नरेश कोहली, हेड कांस्टेबल महेंद्र सिंह और हेड कांस्टेबल पंकज वर्मा शामिल रहे। वहीं, थाना दन्या पुलिस ने थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महंत के नेतृत्व में बुशीलधार बैंड क्षेत्र में चेकिंग के दौरान कमल सनवाल निवासी ग्राम कालोटा के कब्जे से दो पेटी (96 पाउच) माल्टा देशी अवैध शराब बरामद की। आरोपी को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। कार्रवाई में उपनिरीक्षक कमित जोशी, कांस्टेबल जगत सिंह और कांस्टेबल राकेश मेलकानी शामिल रहे।
