

रुद्रपुर(आरएनएस)। दीपावली और त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को रुद्रपुर के मुख्य बाजार में छापेमारी अभियान चलाया। टीम ने छह प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और मिठाई के दो नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। वहीं, नेशनल बेकरी और साहनी बेकरी में कई उत्पादों पर निर्माण तिथि (एमएफडी) और एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं मिलने पर दोनों प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर खामियां दूर करने के निर्देश दिए गए। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा ललित मोहन पांडे ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशा आर्या के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। इस दौरान मिठाई के दो नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान नेशनल बेकरी और साहनी बेकरी के कई उत्पादों पर निर्माण तिथि और एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं मिली। खाद्य सुरक्षा मानकों के तहत आवश्यक जानकारी दर्ज नहीं होने पर दोनों प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए हैं। दुकानदारों को तीन दिन का समय देते हुए उत्पादों पर जरूरी विवरण अंकित करने के निर्देश दिए गए हैं। टीम ने मुख्य बाजार स्थित एसके बेकरी का भी निरीक्षण किया। यहां खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, साफ-सफाई और स्टोरेज की स्थिति का जायजा लिया गया।
त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा जांच: सहायक आयुक्त ललित मोहन पांडे ने बताया कि दीपावली और आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। मिलावटी और बासी मिठाई बेचने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से भी अपील की कि मिठाई और बेकरी उत्पाद खरीदते समय निर्माण, एक्सपायरी तिथि तथा पैकेजिंग पर दर्ज अन्य जरूरी जानकारियों की जांच अवश्य करें।



