
अल्मोड़ा। कसार देवी में औषधि नियंत्रण विभाग और उत्तरांचल औषधि व्यवसायी महासंघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सेमिनार में दवा व्यवसाय से जुड़े नियमों, चुनौतियों और जनस्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर औषधि नियंत्रक उत्तराखंड ताजबर सिंह को देश का सर्वश्रेष्ठ औषधि नियंत्रक चुने जाने पर सम्मानित भी किया गया। सेमिनार में मुख्य अतिथि अपर आयुक्त एवं औषधि नियंत्रक ताजबर सिंह, विशिष्ट अतिथि उप औषधि नियंत्रक हेमंत सिंह नेगी, सहायक औषधि नियंत्रक सुधीर कुमार तथा वरिष्ठ औषधि निरीक्षक मीनाक्षी बिष्ट और नीरज कुमार मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तरांचल औषधि व्यवसायी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष बी.एस. मनकोटी ने की, जबकि संचालन महासंघ के प्रदेश महामंत्री अमित गर्ग और संगठन मंत्री जनक जोशी ने किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ औषधि निरीक्षक नीरज कुमार और अनिता भारती को प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ औषधि निरीक्षक चुने जाने पर भी सम्मानित किया गया। अल्मोड़ा और बागेश्वर की औषधि निरीक्षक पूजा जोशी एवं पूजा रानी ने अतिथियों का स्वागत किया। सेमिनार में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए औषधि निरीक्षकों तथा महासंघ के पदाधिकारियों और दवा व्यवसायियों ने भाग लिया। सेमिनार के दौरान वरिष्ठ औषधि निरीक्षक नीरज कुमार, मीनाक्षी बिष्ट और सहायक औषधि नियंत्रक सुधीर कुमार ने दवा व्यवसाय से संबंधित नई नियमावलियों, लाइसेंसिंग व्यवस्था और नियामकीय प्रावधानों की जानकारी दी। विभिन्न औषधि निरीक्षकों ने निरीक्षण के दौरान प्राप्त अपने अनुभव भी साझा किए। प्रदेश अध्यक्ष बी.एस. मनकोटी ने ऑनलाइन दवा बिक्री के बढ़ते प्रभाव, उससे उत्पन्न चुनौतियों और दवा व्यवसायियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। मुख्य अतिथि ताजबर सिंह ने सभी दवा विक्रेताओं से जनस्वास्थ्य के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन अल्मोड़ा के अध्यक्ष आशीष वर्मा, सचिव गिरीश उप्रेती, कोषाध्यक्ष राघव पंत, जिला महामंत्री प्रमोद जोशी, जिला उपाध्यक्ष आर.पी. पांडेय, जिला कोषाध्यक्ष कस्तूरी लाल सहित अनेक पदाधिकारियों और सदस्यों ने सहयोग दिया।



