
अल्मोड़ा। जनपद के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए 18 और 19 सितंबर को अल्मोड़ा तथा रानीखेत में एक दिवसीय रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा। क्षेत्रीय सेवायोजन विभाग की ओर से आयोजित इन रोजगार मेलों में वैभव ग्लोबल लिमिटेड (जेमस्टोन मैन्युफैक्चरिंग), जयपुर विभिन्न पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेगी। क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि पहला रोजगार मेला 18 सितंबर को प्रातः 10 बजे से मॉडल कैरियर सेंटर, क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, अल्मोड़ा में आयोजित होगा। वहीं दूसरा रोजगार मेला 19 सितंबर को प्रातः 10 बजे से नगर सेवायोजन कार्यालय, रानीखेत की ओर से राजकीय डिग्री कॉलेज, रानीखेत में लगाया जाएगा। अभ्यर्थियों का चयन कंपनी द्वारा साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा। इच्छुक पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों को अपने सभी शैक्षिक योग्यता प्रमाणपत्रों के मूल एवं छायाप्रति, नवीनतम बायोडाटा, आधार कार्ड, पैन कार्ड, चार पासपोर्ट आकार के फोटो तथा बैंक पासबुक अथवा निरस्त चेक के साथ निर्धारित स्थल पर उपस्थित होना होगा। सेवायोजन विभाग ने स्पष्ट किया है कि रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। रोजगार मेले से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी 9149126931, 97201986087 अथवा लैंडलाइन 05962-298040 पर संपर्क कर सकते हैं।

