
अल्मोड़ा। खेल निदेशालय उत्तराखंड के निर्देश पर जिला खेल कार्यालय अल्मोड़ा की ओर से विभागीय आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों में प्रवेश के लिए बालिका हैंडबॉल खिलाड़ियों के जिला स्तरीय चयन एवं ट्रायल 9 और 10 सितंबर को आयोजित किए जाएंगे। ट्रायल हेमवती नंदन बहुगुणा स्पोर्ट्स स्टेडियम, अल्मोड़ा में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शुरू होंगे।
जिला क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि ट्रायल में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों की आयु 1 जुलाई 2026 को 16 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। अर्थात अभ्यर्थी की जन्मतिथि 1 जुलाई 2010 या उसके बाद की होनी अनिवार्य है।
प्रतिभागियों को निर्धारित आवेदन पत्र पर पासपोर्ट आकार का रंगीन फोटो चस्पा करना होगा। साथ ही आयु एवं कक्षा प्रमाण-पत्र की सत्यापित प्रति, उत्तराखंड का मूल निवास प्रमाण-पत्र तथा चिकित्सा विभाग द्वारा जारी चिकित्सीय प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
आवेदन पत्र जिला खेल कार्यालय से किसी भी कार्य दिवस में 10 रुपये शुल्क जमा कर प्राप्त किए जा सकते हैं। इच्छुक खिलाड़ी 8 सितंबर की शाम 5 बजे तक जिला खेल कार्यालय, अल्मोड़ा में अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
जिला क्रीड़ा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिला एवं राज्य स्तरीय चयन ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को किसी प्रकार का यात्रा या अन्य भत्ता देय नहीं होगा। सभी खिलाड़ियों को अपनी पूर्ण खेल किट के साथ ट्रायल में प्रतिभाग करना होगा।

