
देहरादून। एसटीएफ ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत पटेलनगर थानाक्षेत्र में स्थानीय पुलिस के साथ मेहूंवाला में अभियान चलाया। आरोपी राकिब व उसके चाचा राशिद उर्फ तौफीक अली के घर पर छापा मारा। राकिब के कमरे से 15 ग्राम स्मैक व 1 इलेक्ट्रॉनिक तराजू और राशिद के कमरे से 102 ग्राम स्मैक व 1 इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किए। राकिब को गिरफ्तार किया गया, वहीं राशिद उर्फ़ तौफिक अली घर से फरार मिला। जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपी राकिब वर्ष 2021 में स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया था। राशिद के खिलाफ कई थानों में मादक पदार्थों की तस्करी के संबंध में केस दर्ज है। पूछताछ में बताया कि वकील की फीस और अपने खर्चे निकालने के लिए वह अपने चाचा राशिद के साथ मिलकर यह कार्य कर रहा था। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि लगातार अभियान चलाया जा रहा है, वहीं लोगों से अपने बच्चों पर ध्यान रखने की अपील की जा रही है।

