

विकासनगर(आरएनएस)। चकराता बाजार में रविवार को गैस वितरण के दौरान सिलेंडरों में कम गैस मिलने पर उपभोक्ताओं ने जमकर हंगामा किया। उपभोक्ताओं ने गैस एजेंसी के कर्मचारियों पर सिलेंडरों में कम गैस देने और कालाबाजारी करने के आरोप लगाए। मामले में व्यापार मंडल ने कोतवाली में शिकायत देकर एजेंसी और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जिला पूर्ति अधिकारी ने मामले में सख्त कार्रवाई करने और इंडियन ऑयल को भी पत्र लिखने की बात कही है। चकराता क्षेत्र में गैस वितरण की जिम्मेदारी लक्ष्मी बालाजी ग्रामीण वितरक गैस एजेंसी, शेरपुर के पास है। एजेंसी के कर्मचारी सप्ताह या दस दिन में एक बार गैस लोडर लेकर चकराता पहुंचते हैं।रविवार सुबह गैस की गाड़ी बाजार पहुंची तो उपभोक्ताओं ने कर्मचारियों से सिलेंडरों का वजन कराने को कहा। आरोप है कि कर्मचारी पहले वजन कराने में आनाकानी करने लगे। इस पर उपभोक्ताओं ने विरोध जताया। बाद में सिलेंडरों का वजन करने पर घरेलू सिलेंडरों में आधा से एक किलो और कमर्शियल सिलेंडरों में दो किलो तक गैस कम होने का दावा किया गया। उपभोक्ताओं ने मौके से ही पूर्ति निरीक्षक और एजेंसी मालिक को मामले की शिकायत की। व्यापार मंडल अध्यक्ष केशर चौहान, उपाध्यक्ष दिनेश चांदना, सचिव रवीश अरोड़ा और सह सचिव अंकित मोहल सहित अन्य व्यापारियों व उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि एजेंसी कर्मचारी निर्धारित वजन के अनुसार गैस नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कुछ होटल और रेस्टोरेंट में सिलेंडर ब्लैक में बेचने का आरोप भी लगाया। व्यापारियों का कहना है कि केवाईसी के लिए उपभोक्ताओं को शेरपुर बुलाया जाता है, जिससे उन्हें परेशानी होती है। व्यापार मंडल ने कोतवाली में शिकायत देकर पूरे मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत करने वालों में तीर्थ कुकरेजा, पंकज जैन, बारू दत्त शर्मा, गीताराम शर्मा, ऋषभ जैन, नीलेश, आरती और वीरेंद्र सिंह सहित अन्य लोग शामिल रहे। जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने कहा कि एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मामले में इंडियन ऑयल को भी पत्र लिखा जाएगा।



