

रुद्रपुर(आरएनएस)। जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के तत्वावधान में गुरुवार को युवा भवन रुद्रपुर में जनपद स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव में जनपद के समस्त विकासखंडों से आए प्रतिभाशाली युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी कला, प्रतिभा एवं सांस्कृतिक अभिरुचि का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मेयर विकास शर्मा रहे। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की अमूल्य धरोहर एवं उसकी प्रगति के आधार स्तंभ होते हैं। युवाओं की प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करना और उनकी रचनात्मक एवं सांस्कृतिक क्षमताओं को प्रोत्साहित करना ऐसे आयोजनों का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकासखंडों से बड़ी संख्या में युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। लोकगीत में खटीमा, काशीपुर, बाजपुर, काशीपुर, जसपुर, सितारगंज आदि ब्लॉकों की टीमों ने हिस्सा लिया। लोकनृत्य में खटीमा, बाजपुर, काशीपुर, जसपुर, सितारगंज की टीमों ने प्रस्तुति दी। नुक्कड़ नाटक में रुद्रपुर, खटीमा, बाजपुर, काशीपुर, जसपुर की टीमों ने भाग लिया।
लोकगीत में खटीमा रहा अव्वल, नुक्कड़ नाटक में रुद्रपुर ने मारी बाजी
युवा महोत्सव में विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें लोकगीत, लोकनृत्य और नुक्कड़ नाटक प्रमुख रहे। प्रतिभागियों ने पारंपरिक लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। लोकनृत्य में प्रतिभागियों ने लोक संस्कृति एवं पारंपरिक नृत्य शैलियों का आकर्षक प्रदर्शन किया। नुक्कड़ नाटक के जरिए युवाओं ने सामाजिक संदेश भी दिए।लोकगीत प्रतियोगिता में खटीमा (भारू खड़ी बोली) ने पहला, खटीमा के नोजणे पाहलैक स्कूल ने दूसरा और रुद्रपुर को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में सरदार भगत सिंह महाविद्यालय रुद्रपुर ने दूसरा, जसपुर को तीसरा स्थान मिला। लोकनृत्य प्रतियोगिता में भी विभिन्न विकासखंडों की टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। जिला युवा कल्याण अधिकारी भूपेंद्र सिंह रावत ने कहा कि युवा महोत्सव युवाओं की प्रतिभा को निखारने एवं उन्हें प्रोत्साहित करने का सशक्त मंच है। इस दौरान विपिन गौतम, अमित सोनी, हरीश धनाई, नंद किशोर जोशी, धीरज पांडे सहित विभाग के अधिकारी, आदि मौजूद रहे।



