

देहरादून। अजबपुर कलां स्थित मांगल इन्फोटेक कंपनी के सर्वर और संवेदनशील डेटाबेस पर पूर्व महिला कर्मचारी द्वारा अवैध रूप से कब्जा बनाए रखने का आरोप लगा है। नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने कंपनी की शिकायत पर पूर्व कर्मचारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंस्पेक्टर नेहरू कॉलोनी देवेंद्र चौहान के अनुसार, कंपनी के प्रतिनिधि विजय भट्ट ने तहरीर देकर बताया कि उनकी कंपनी मांगल डॉट कॉम (Mangal.com) नाम से मैट्रिमोनियल वेबसाइट संचालित करती है। इस वेबसाइट के माध्यम से लोग विवाह के लिए जीवनसाथी की तलाश करते हैं। चाणक्यपुरी, बंगाली कोठी निवासी प्रीति तिवारी ने करीब ढाई साल तक कंपनी में काम किया था। इस दौरान उन्हें कंपनी के एप्पल प्लेटफॉर्म पर संचालित सॉफ्टवेयर का मैनेजमेंट लॉगिन सौंपा गया था।
शिकायत के मुताबिक, नौकरी छोड़ने के बाद कंपनी के अधिकारियों ने सॉफ्टवेयर अपडेट करने के लिए डेटाबेस तक पहुंचने का प्रयास किया तो पता चला कि मास्टर लॉगिन अब भी प्रीति की निजी एप्पल आईडी से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि कंपनी की ओर से कई बार संपर्क करने और आधिकारिक ईमेल भेजने के बावजूद वह टाल-मटोल कर रही हैं और मास्टर लॉगिन का एक्सेस वापस नहीं लौटा रही हैं।
कंपनी ने आशंका जताई है कि वेबसाइट पर न्यायिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और अन्य प्रतिष्ठित नागरिकों सहित कई लोगों का पंजीकरण है। ऐसे में उनके बायोडाटा, निजी जानकारियां और तस्वीरों सहित संवेदनशील डेटा आरोपी के कब्जे में है। कंपनी को आशंका है कि इस डेटा को लीक किया जा सकता है या किसी तीसरे पक्ष को बेचा जा सकता है।
इंस्पेक्टर देवेंद्र चौहान ने बताया कि मामले में आईटी एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।



