

हरिद्वार(आरएनएस)। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने निर्वाचन से जुड़ी व्यवस्थाओं के संचालन के लिए 29 कार्यों के तहत नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है। अधिकारियों को मतदान कार्मिकों की तैनाती, प्रशिक्षण, ईवीएम-वीवीपैट प्रबंधन, सुरक्षा, परिवहन और मतदाता जागरूकता सहित अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मतदान और मतगणना कार्मिकों की व्यवस्था की जिम्मेदारी मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र को दी गई है। प्रशिक्षण व्यवस्था के लिए जिला कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी अमरेंद्र चौधरी और जिला शिक्षा अधिकारी अभिषेक शुक्ला को नोडल अधिकारी बनाया गया है। मतदान केंद्रों पर न्यूनतम सुविधाओं की व्यवस्था एडीएम वैभव गुप्ता देखेंगे। ईवीएम-वीवीपैट प्रबंधन के लिए अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार और मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के लिए सीडीओ को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, आदर्श आचार संहिता के अनुपालन की जिम्मेदारी नगर आयुक्त नंदन कुमार को दी गई है। निर्वाचन व्यय की निगरानी वरिष्ठ कोषाधिकारी अजय कुमार करेंगे। मीडिया एवं सूचना व्यवस्था जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह और कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा योजना एडीएम जितेंद्र कुमार की निगरानी में रहेगी। इसके अलावा परिवहन, शिकायत निवारण, डाक मतपत्र, वीडियोग्राफी, पेयजल, सफाई, दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा और आईटी व्यवस्था के लिए भी अधिकारी नामित किए गए हैं।



