
रुद्रपुर(आरएनएस)। उत्तरांचल फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रियल सर्विसेज एसोसिएशन के आह्वान पर मिनिस्ट्रियल कर्मचारियों ने बुधवार को मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में गेट मीटिंग की। कर्मचारियों ने 12 सूत्रीय मांगों के शीघ्र निस्तारण और शासन स्तर पर सकारात्मक निर्णय लेने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि लंबे समय से मांगों के समाधान का इंतजार किया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है। गेट मीटिंग में कर्मचारियों ने गोल्डन कार्ड के लिए मासिक कटौती के बावजूद अपेक्षित स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ न मिलने, कनिष्ठ सहायक का वेतनमान 2800 ग्रेड पे किए जाने और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी तथा मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के पदों को समाहित कर शासन स्तर पर उप निदेशक का पद सृजित करने की मांग प्रमुखता से उठाई।इसके अलावा पदोन्नति, कार्य परिस्थितियों और कर्मचारी हितों से जुड़ी अन्य मांगों के शीघ्र समाधान की भी मांग की गई। उत्तरांचल फेडरेशन के मंडल अध्यक्ष अमरदीप सिंह ने कहा कि संगठन लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से शासन के समक्ष अपनी मांगें रख रहा है। उन्होंने शासन से 12 सूत्रीय मांगपत्र पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश पर आगामी आंदोलनात्मक कार्यक्रमों में पूरी भागीदारी की जाएगी। गेट मीटिंग में शिक्षा, परिवहन, ग्राम्य विकास और विकास भवन समेत विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान सुषमा चौधरी, वीरेंद्र पांडे, हरजीत सिंह, राजेश बलूनी, प्रमोद पांडे, रविंद्र पांडे, मोहन सिंह राठौर, राजकुमार साहनी, नितेश शर्मा, आशुतोष सिंह, प्रकाश चंद्र शर्मा, शनद कुमार शर्मा, ऊधम सिंह, रविराज, प्रदीप यादव, सोनिया रावत, शीला सरकार, झलक, क्षितिज तिवारी, मनोज भट्ट और मोहित तिवारी आदि मौजूद रहे।

