
रुद्रपुर(आरएनएस)। किच्छा में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर विधायक तिलकराज बेहड़ और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इस बीच रविवार को उपजिलाधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी गौरव पांडेय ने कहा कि निर्वाचक नामावलियों को त्रुटिरहित बनाने की प्रक्रिया सतत रूप से चलती रहती है। उन्होंने बताया कि एसआईआर के तहत लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी और नो मैपिंग के संबंध में जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, उनके दावे और आपत्तियों की सुनवाई की जा रही है। इसके अलावा 13 अगस्त तक प्राप्त दावे-आपत्तियों पर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार नोटिस जारी करने की कार्रवाई चल रही है।उन्होंने कहा कि किसी भी मतदाता को घबराने या पैनिक होने की आवश्यकता नहीं है। एसडीएम ने बताया कि सभी दावे-आपत्तियों की सुनवाई निर्वाचन आयोग के समय-समय पर जारी निर्देशों के अनुसार निर्धारित अवधि में की जाएगी। आपत्तियों का समयबद्ध निस्तारण किया जाएगा। सभी संबंधित पक्षों को सुनने और प्रस्तुत साक्ष्यों का अध्ययन करने के बाद ही निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को पारदर्शी और त्रुटिहीन बनाने के उद्देश्य से यह प्रक्रिया अपनाई जा रही है। जिन मतदाताओं को नोटिस मिले हैं, वे निर्धारित तिथि तक संबंधित सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर अपने साक्ष्य प्रस्तुत कर सकते हैं। प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि से पहले अपने अभिलेख प्रस्तुत कर सुनवाई प्रक्रिया पूरी करा लें।

