
देहरादून(आरएनएस)। विदेश में पढ़ाई और नौकरी दिलाने का झांसा दे एक व्यक्ति से 75 लाख रुपये और एक क्रेटा कार ठग ली गई। नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर चार नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसओ नेहरू कॉलोनी मनोज नौटियाल ने बताया कि धर्मपुर निवासी अरविंद कुमार ने शिकायत दी। बताया कि उनके पड़ोस में किराए पर रहने वाले प्रदीप शर्मा से उनकी दोस्ती हुई थी। जिसने खुद को यूपी पुलिस का कर्मी बताया था। प्रदीप ने योजनाबद्ध तरीके से उनकी मुलाकात अनिल भारद्वाज उर्फ शोवित कुमार निवासी साकेत कॉलोनी अजबपुर, उसकी पत्नी सुजाता और रवि कुमार निवासी ब्रह्मपुरी, पटेलनगर से कराई।आरोपियों ने अरविंद के बेटे अमन पाल को अमेरिका भेजने का लालच दिया। कानूनी कार्यवाही व दस्तावेजों के खर्च के नाम पर 75 लाख रुपये की मांग की। पीड़ित को झांसे में लेने के लिए ठगों ने अनिल को सीबीआई कोर्ट का पेशकार, सुजाता को दिल्ली एंबेसी की कर्मचारी और रवि को कोर्ट का बाबू बताया था। पीड़ित ने उनकी बातों पर विश्वास कर पिछले से बीते दो जनवरी 75 लाख रुपये नकद दे दिए और सिक्योरिटी के तौर पर कुछ बैंक चेक भी सौंप दिए। जब पीड़ित ने अपने चेक वापस मांगे तो 13 जनवरी 2026 को उसे राजपुर रोड स्थित ब्लाइंड स्कूल के पास बुलाया गया। वहां आरोपी मौका पाकर पीड़ित की क्रेटा कार लेकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद से सभी आरोपियों के फोन बंद हैं। एसओ नेहरू कॉलोनी मनोज नौटियाल ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

