
बागेश्वर(आरएनएस)। हरेला महोत्सव पखवाड़े के अंतर्गत सोमवार को ग्राम पंचायत बंडिया में सेवा संकल्प फाउंडेशन की ओर से पौधारोपण एवं पौध वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन फाउंडेशन की ट्रस्टी गीता धामी के निर्देशन में किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पत्नी गीता धामी ने वर्चुअल माध्यम से ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने आसपास पौधे लगाने चाहिए। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल करना भी आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण मिल सके। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान सोमनाथ मौर्य ने सभी ग्रामीणों से एक पौधा लगाकर उसकी सुरक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हरेला पर्व प्रकृति के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है। जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के डॉ. अजय प्रभाकर ने कहा कि सेवा संकल्प फाउंडेशन प्रदेशभर में समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और जरूरतमंदों के कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि हरेला पर्व के अवसर पर चलाया जा रहा यह अभियान प्रकृति के संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने का सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और ग्रामवासियों ने ग्राम पंचायत परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया और निःशुल्क पौधों का वितरण किया गया। उपस्थित लोगों ने पौधों के पूर्ण विकसित होने तक उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। इस दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य सतीश राणा, उपप्रधान अमित चौहान, पूर्व मंडल अध्यक्ष देवेंद्र सिंह ‘रिंकू’ सहित जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
