


बागेश्वर(आरएनएस)। जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे ने शुक्रवार को जिला सभागार में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक ली। उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थलों और ब्लैक स्पॉट चिह्नित कर वहां सुधारात्मक कार्य प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क सुरक्षा में लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। डीएम ने संबंधित विभागों को दुर्घटना संभावित स्थलों की फोटोग्राफ सहित अद्यतन सूची तैयार करने और वहां किए गए व प्रस्तावित कार्यों का ब्योरा देने को कहा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को शिकायत वाले मार्गों का निरीक्षण कर गड्ढों की मरम्मत गुणवत्ता के साथ कराने के निर्देश दिए। सानीउडियार क्षेत्र में सड़क के गड्ढों की शिकायतों का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने को भी कहा।
सड़क सुरक्षा के लिए सुधारात्मक कदम: उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट का प्रयोग सुनिश्चित करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान करने के निर्देश दिए। ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में चालान की संख्या कम मिलने पर नाराजगी जताते हुए नियमित जांच अभियान चलाने को कहा। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक अजय शाह, एसीएमओ अनुपमा ह्यांकी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



