
हरिद्वार(आरएनएस)। 30 जुलाई से शुरू होने वाले कांवड़ मेले को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। श्रद्धालुओं को त्वरित और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मेला अस्पताल के मीटिंग हॉल में कांवड़ स्वास्थ्य कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया है। रविवार को कंट्रोल रूम के नोडल अधिकारी डॉ. राजेश गुप्ता ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डॉ. राजेश गुप्ता ने बताया कि सोमवार से कांवड़ मार्ग पर स्थापित किए जाने वाले करीब 27 स्वास्थ्य शिविरों में चिकित्सकों, फार्मासिस्टों, स्टाफ नर्सों एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। सभी शिविरों में आवश्यक दवाइयों, प्राथमिक उपचार सामग्री और आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए परेशानी न हो, इसके लिए विभाग पूरी तरह तैयार है। बैठक में कंट्रोल रूम के संचालन, आपातकालीन सूचना तंत्र, एंबुलेंस व्यवस्था और स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सहायक नोडल अधिकारी डॉ. यशपाल, सेक्टर नोडल अधिकारी डॉ. हेमंत, डॉ. राव अकरम के अतिरिक्त अवनीश, गौरव शर्मा, अशोक कालरा, जितेंद्र, कुलदीप तथा विजय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग ने दावा किया कि मेले के दौरान चौबीसों घंटे स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
