
ऋषिकेश(आरएनएस)। हरेला पर्व के अवसर पर उद्यान विभाग की ओर से डोईवाला ब्लॉक मे बने कार्यालय से बुधवार से आमजन को निःशुल्क फलदार पौधों का वितरण किया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक लोगों को पौधारोपण के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से विभाग ने इस बार कुल 4,200 फलदार पौधों की व्यवस्था की है। विभाग के अनुसार प्रत्येक व्यक्ति को आधार कार्ड के आधार पर अधिकतम दो फलदार पौधे निःशुल्क दिए जाएंगे। वितरण के लिए आम, कागजी नींबू, अमरूद, अनार सहित अन्य फलदार प्रजातियों के पौधे उपलब्ध रहेंगे। पौधों का वितरण पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। उद्यान विभाग ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे हरेला पर्व के अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में पौधे लेकर उनका रोपण करें तथा उनकी नियमित देखभाल भी करें, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ भविष्य में फल उत्पादन का भी लाभ मिल सके। उद्यान विभाग अधिकारी श्वेता चौहान ने बताया कि हरेला पर्व के लिए विभाग को कुल 4,200 फलदार पौधे प्राप्त हुए हैं। प्रत्येक व्यक्ति को आधार कार्ड दिखाने पर दो पौधे निःशुल्क दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हरेला केवल पौधे लगाने का पर्व नहीं, बल्कि उन्हें संरक्षित रखने का भी संकल्प है। उन्होंने लोगों से पौधे लेकर उनकी नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
