
ऋषिकेश(आरएनएस)। हिमालयन हॉस्पिटल और टीएचडीसी के संयुक्त तत्वावधान में साप्ताहिक चिकित्सा शिविर का शुभारंभ किया गया। जिसमें टिहरी एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों, टीएचडीसी कर्मचारियों तथा उनके आश्रितों को स्थानीय स्तर पर ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियमित सेवाएं उपलब्ध करायी जा रही है। मंगलवार को टिहरी जिले के भागीरथीपुरम स्थित टीएचडीसीआईएल चिकित्सालय में साप्ताहिक विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का शुभारंभ एसआरएचयू जौलीग्रांट के अध्यक्ष डॉ. विजय धस्माना और टीएचडीसी के अधिशाासी निदेशक शरद ने किया। डॉ. विजय धस्माना ने कहा कि हमारा उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। हिमालयन हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सक अब प्रत्येक सप्ताह टिहरी पहुंचकर मरीजों को परामर्श एवं उपचार प्रदान करेंगे, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं अपने निकट ही उपलब्ध होंगी। उन्होंने टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के साथ इस सहयोग को जनस्वास्थ्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं दीर्घकालिक पहल बताया।
टीएचडीसी के अधिशासी निदेशक परियोजनाएं कुमार शरद ने कहा कि यह पहल कर्मचारियों, उनके आश्रितों एवं स्थानीय नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह कार्यक्रम क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाएगा। मुख्य महाप्रबंधक टिहरी कॉम्प्लेक्स आरआर सेमवाल ने कहा कि टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड विद्युत उत्पादन के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जनकल्याण के कार्यों के प्रति भी समान रूप से प्रतिबद्ध है। मौके पर टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सिपन कुमार गर्ग, पूजा गर्ग, मुख्य महाप्रबंधक मानव संसाधन एवं प्रशासन डॉ. एएन त्रिपाठी, डॉ. हेमचंद्र पांडेय आदि उपस्थित रहे।
अब प्रत्येक बुधवार टीएचडीसीआईएल चिकित्सालय भागीरथीपुरम में हिमालयन हॉस्पिटल जौलीग्रांट के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा सेवाएं प्रदान की जाएंगी। शिविर में मेडिसिन, स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग तथा ईएनटी विभागों के विशेषज्ञ मरीजों का परीक्षण, परामर्श एवं उपचार करेंगे। मेडिसिन, स्त्री एवं प्रसूति रोग तथा बाल रोग विशेषज्ञ प्रत्येक बुधवार उपलब्ध रहेंगे, जबकि ईएनटी विशेषज्ञ प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय बुधवार को अपनी सेवाएं देंगे।
