
हरिद्वार(आरएनएस)। कांगड़ी फ्लाईओवर पर सोमवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में मां-बेटे समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टनकपुर डिपो की रोडवेज बस और पिकअप वाहन की आमने-सामने की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और दो लोग फ्लाईओवर से नीचे जा गिरे। एक सप्ताह के भीतर इसी फ्लाईओवर पर यह दूसरा बड़ा हादसा है। पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब 4:15 बजे कांगड़ी फ्लाईओवर पर टनकपुर डिपो की रोडवेज बस, जो नजीबाबाद से हरिद्वार की ओर आ रही थी, की हरिद्वार से बिजनौर जा रहे पिकअप वाहन से जोरदार भिड़ंत हो गई। पिकअप में करीब 10 लोग सवार थे, जबकि रोडवेज बस में लगभग 44 यात्री मौजूद थे। सूचना मिलते ही श्यामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान अहान (18 वर्ष) पुत्र शराफत निवासी बढ़ापुर, कोतवाली नजीबाबाद, जिला बिजनौरतथा करीब 35 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल शराफत (42 वर्ष) पुत्र शरमत निवासी बढ़ापुर, कोतवाली नजीबाबाद, जिला बिजनौर और उनकी पत्नी शबाना (35 वर्ष) को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में शबाना ने भी दम तोड़ दिया।घायलों में अन्नू (18वर्ष) पुत्र मेहन्दी हसन, सोनी लाल (25वर्ष) पुत्र राम रहीश निवासी हरदोई, उत्तर प्रदेश तथा शमीम (42) पुत्र हसीनूद्दीन निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश शामिल हैं। पिकअप में सवार अधिकांश लोग बढ़ापुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दे दी है। कोतवाली की कार्यवाहक प्रभारी सीओ अवनी तिवारी ने बताया कि मृतकों के पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए है।
