
रुद्रपुर(आरएनएस)। कोतवाली रुद्रपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान 2.187 किलोग्राम अफीम के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी बाइक से अफीम की सप्लाई देने जा रहे थे। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बाइक, दो मोबाइल फोन और नकदी जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मुख्यमंत्री के ‘नशा मुक्त उत्तराखंड अभियान’ के तहत पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली। शनिवार देर रात रामनगर शिव मंदिर एवं फ्लाईओवर के निकट चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों वापस मुड़ने लगे, लेकिन बारिश के कारण सड़क पर फिसलकर गिर गए।इसके बाद उन्होंने अपने बैग फेंकने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। आरोपियों ने अपने नाम झनकार सिंह पुत्र रामचंद्र निवासी ग्राम बिशनपुर गुलड़िया, थाना बहेड़ी जिला बरेली यूपी और आकाश वर्मा पुत्र दोताराम वर्मा निवासी ग्राम कुरैया, थाना बरखेड़ा, जिला पीलीभीत बताए। दोनों वर्तमान में रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहे थे। तलाशी के दौरान दोनों के बैगों से अलग-अलग पैकेटों में अफीम बरामद हुई। एक पैकेट का वजन 1.079 किलोग्राम और दूसरे का 1.108 किलोग्राम पाया गया। इस प्रकार कुल बरामद अफीम का वजन 2.187 किलोग्राम रहा। पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे तीनपानी क्षेत्र के एक व्यक्ति के कहने पर यह अफीम किसी अज्ञात व्यक्ति को पहुंचाने जा रहे थे। सीओ विभव सैनी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 8/18/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही मादक पदार्थ तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच भी की जा रही है।

