
अल्मोड़ा। उत्तराखंड स्वतंत्रता सेनानी एवं उत्तराधिकारी संगठन की बैठक रविवार को गांधी पार्क, चौघानपाटा में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के संरक्षक किशन चंद जोशी ने की, जबकि संचालन सचिव बद्री दत्त पांडे ने किया। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष कमल पांडे ने कहा कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी 9 अगस्त को ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ की स्मृति में स्वतंत्रता सेनानी सम्मान यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने बताया कि यात्रा में अल्मोड़ा के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों तथा स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों एवं उत्तराधिकारियों को आमंत्रित किया जाएगा। बैठक में यात्रा की तैयारियों पर चर्चा करते हुए अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बैठक में संरक्षक किशन चंद जोशी, कैलाश वर्मा, पुष्पा गैलाकोटी, पार्वती बिष्ट, बद्री दत्त पांडे, सरस्वती राणा, विपिन चंद जोशी, राजेंद्र गढ़ाकोटी, शिवेंद्र गोस्वामी, विनय कुमार पांडे सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।


