
देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), देहरादून ने 29 और 30 जुलाई को उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा, गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा तेज बारिश के दौर की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, चम्पावत और ऊधम सिंह नगर जनपदों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और अत्यधिक तीव्र वर्षा की भी आशंका है।
बुधवार को बागेश्वर, चम्पावत और पिथौरागढ़ जनपदों के लिए भारी से बहुत भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तरकाशी, देहरादून, पौड़ी, टिहरी और नैनीताल जनपदों में भी भारी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है।
उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जिलों के प्रशासन को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रदेशवासियों और चारधाम यात्रियों से मौसम विभाग की चेतावनियों तथा जिला प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने, अनावश्यक यात्रा से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदी-नालों और जलभराव वाले स्थानों से दूर रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
